वित्त मंत्री के डीपफेक वीडियो से 76 वर्षीय महिला को लगाया 2.82 करोड़ का चूना

मुंबई। साइबर ठगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किए गए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के कथित फर्जी वीडियो का इस्तेमाल कर बोरीवली की 76 वर्षीय सेवानिवृत्त महिला से 2.82 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।
महिला ने फरवरी 2026 में सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा था। इसमें वरिष्ठ नागरिकों को सोना, चांदी, शेयर, कमोडिटी और बॉन्ड में निवेश कर आकर्षक मुनाफा कमाने की सलाह दी जा रही थी। वीडियो के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद महिला के पास विदेश के नंबर से फोन आया।
फोन करने वाले ने खुद को रोमानिया स्थित अंतरराष्ट्रीय शेयर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का प्रतिनिधि बताया। इसके बाद महिला को टेलीग्राम के माध्यम से निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।
ठगों ने शुरुआत में महिला के खाते में 1.27 लाख रुपये वापस भेजकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग डैशबोर्ड पर लगातार मुनाफा दिखाया जाने लगा। महिला ने 9 मार्च से 29 सितंबर के बीच 20 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2.82 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेज दिए।
जब महिला ने अपनी मूल रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने और निवेश करने की शर्त रख दी। इसके बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। बेटे की सलाह पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। नॉर्थ रीजन साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *