मुंबई : मुंबई के देवनार इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की धारदार हथियारों, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रेहान शेख के रूप में हुई है।
घटना 5 नवंबर की रात करीब 8:20 बजे देवनार सर्कल स्थित बालासाहेब ठाकरे गार्डन के पास हुई। बताया जाता है कि रेहान का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हमलावरों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रेहान को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में आठ लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। देवनार पुलिस मामले की जांच कर रही है।