बीमार छोटे भाई की गला घोंटकर हत्या, आत्महत्या का रूप देने की कोशिश

नवी मुंबई। पनवेल के खांदा कॉलोनी में एक व्यक्ति पर अपने गंभीर रूप से बीमार छोटे भाई की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश करने का आरोप लगा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की बात सामने नहीं आने के बाद पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई सेक्टर-7 स्थित दो मंजिला मकान में रहते थे। 45 वर्षीय आरोपी बिजली विभाग में क्लर्क है, जबकि उसका छोटा भाई पहले प्लंबर का काम करता था। छोटा भाई गंभीर बीमारी से पीड़ित था और उसकी देखभाल बड़ा भाई करता था।
आरोपी ने पुलिस को बताया था कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे उसके छोटे भाई ने नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया।
हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों और आरोपी के बयान में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि छोटे भाई की शारीरिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह खुद छत पर रस्सी बांधकर फांसी लगा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि नहीं होने के बाद खांदेश्वर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 7 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *