डिजिटल अरेस्ट कर 79 वर्षीय बुजुर्ग से 1.10 करोड़ की ठगी, कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार

मुंबई। साइबर अपराधियों ने पुलिस अधिकारी बनकर 79 वर्षीय बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और उनसे 1.10 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में मुंबई पुलिस की नॉर्थ रीजन साइबर पुलिस ने एक कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अंधेरी के आजाद नगर निवासी हरिवंदनभाई दह्याभाई टेलर को 25 सितंबर को फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को नासिक के पंचवटी पुलिस स्टेशन का अधिकारी बताया और दावा किया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर बैंक खाता खोला गया है, जिसका संबंध 15 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले से है।
आरोपियों ने बुजुर्ग पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की धमकी दी। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से पूछताछ शुरू कर दी। उन्हें परिवार के सदस्यों को भी गिरफ्तारी की धमकी देकर किसी से बात नहीं करने को कहा गया।
डर के कारण बुजुर्ग आरोपियों के निर्देशों का पालन करते रहे। ठगों ने उनके बैंक खातों, निवेश और संपत्ति की जानकारी लेने के बाद चार किस्तों में 29 लाख, 42 लाख, 9.5 लाख और 30 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करा लिए।
बाद में पीड़ित ने सोसाइटी के एक पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पुलिस जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 71 लाख रुपये वृशिका एग्री एंड डेयरीटेक प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में पहुंचे थे। इसके बाद कंपनी के डायरेक्टर वृषभनाथ धनपाल तारडाले को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *