पहले खाई थी बिरयानी, उसके बाद तरबूज
मुंबई : मुंबई के पायधुनी इलाके में 25 अप्रैल की रात पहले बिरयानी और फिर बाद में तरबूज खाने से एक ही परिवार के चार लोगों को फूड पॉयजनिंग हो गया, जिससे चारों की मौत हो गई। हालांकि डॉक्टरों का मानना है कि तरबूज से फूड पॉयजनिंग नहीं हो सकता। फिर भी जांच के बाद ही पता चलेगा कि मौत किस वजह से हुई। इस घटना ने लोगों को सकते में डाल दिया है।
खबर है कि पायुधनी में रहने वाले अब्दुल्लाह के परिवार और पांच अन्य रिश्तेदारों के साथ ने शनिवार रात करीब 10:30 बजे बिरयानी की दावत की थी।
रिश्तेदारों के चले जाने के बाद रात करीब 1:30 बजे सभी ने तरबूज खाया। रविवार की सुबह 5 बजे पूरे परिवार को उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। हालत बिगड़ने लगी तो पड़ोस के डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने प्राथमिक इलाज के बाद चारों को जेजे अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके कुछ देर बाद मां नसरीन और बड़ी बेटी आयशा भी चल बसी। पिता अब्दुल्लाह की मौत रात करीब 10:30 बजे हुई। आधा खाया हुआ तरबूज भी लैब टेस्टिंग के लिए भेजा गया है।
डॉक्टरों का कहना है कि हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल, जेजे मार्ग थाने ने अकस्मात मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।