11 फरवरी को बीएमसी के नए मेयर के लिए हो सकता है चुनाव

मुंबई : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) का नया मेयर 11 फरवरी को मिल सकता है। मुंबई का यह मेयर 78वें नंबर का होगा। मेयर का चुनाव 11 फरवरी को होने की संभावना है। चुनाव में बीएमसी के सभी 227 चुने हुए कॉर्पोरेटर वोट डालकर नए मेयर का चयन करेंगे। मेयर चुने जाने के बाद, 16 फरवरी को स्टैंडिंग और इम्प्रूवमेंट जैसी अहम कमेटियों के चेयरमैन चुनने के लिए भी वोटिंग हो सकती है। सभी 227 नगर निगम कॉर्पोरेटरों का रजिस्ट्रेशन सोमवार शाम तक पूरा हो गया था। पिछले हफ्ते तक, बीजेपी और शिवसेना को छोड़कर बाकी सभी पार्टियों ने अपने कॉर्पोरेटरों का रजिस्ट्रेशन करवा लिया था।
सूचना मिल रही है कि डिप्टी मेयर पद के लिए भी अलग से चुनाव होगा। डिप्टी मेयर का चुनाव भी इसी तरह वोटिंग से ही होगा। मुंबई में मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल ढाई साल का होता है। इसके बाद फिर से इसी प्रक्रिया से नए मेयर और डिप्टी मेयर चुने जाते हैं।
मेयर पद इस बार महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में कोई महिला ही इस बार बीएमसी की नई मेयर बनेंगी। बीएमसी में सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी, मेयर पद के लिए दादर की कॉर्पोरेटर शीलत गंभीर या घाटकोपर की कॉर्पोरेटर रितु तौड़े में से किसी एक को अपना उम्मीदवार बना सकती है।
बीजेपी ने बीएमसी में अपने वरिष्ठ नेता गणेश खंकर को पार्टी का नेता नियुक्त किया है। शिवसेना ने अमय घोले को अपनी पार्टी का नेता बनाया है। शिवसेना यूबीटी ने पूर्व मेयर किशोरी पेडणेकर को मुख्य विपक्ष नेता के तौर पर नामित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *