मुंबई : मुंबई में अतिक्रमण के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मोर्चा खोल रखा है। बीएमसी ने बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रखे हुए है। 2 जनवरी को दक्षिण मुंबई के मोहम्मद अली रोड और उसके आसपास के इलाकों में बीएमसी ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाया। इस अभियान के तहत अवैध फेरीवालों और फुटपाथों पर बने अनधिकृत ढांचों को हटाया गया। यह कार्रवाई बीएमसी के बी वार्ड प्रशासनिक विभाग ने की।
यह कार्रवाई अतिरिक्त नगर आयुक्त (शहर) डॉ अश्विनी जोशी के निर्देश पर की गई। इस अभियान का नेतृत्व उप-आयुक्त (जोन 1) चंदा जाधव और बी वार्ड के सहायक नगर आयुक्त योगेश देसाई ने किया।
बता दें कि मोहम्मद अली रोड और इब्राहिम मर्चेंट रोड शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में से हैं। ये इलाके भिंडी बाजार, मस्जिद बंदर, बायकुला, नागदेवी और मांडवी जैसे इलाकों को जोड़ती हैं। फुटपाथों पर अवैध कब्जे और अनधिकृत फेरीवालों की वजह से पैदल चलने वालों और गाड़ियों को काफी परेशानी हो रही थी।