अनाधिकृत तरीके से ई-बाईक चलाने वालों पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने की कार्रवाई

671 ई-बाइक चलाने वालों पर केस दर्ज, 517 ई-बाइक जब्त

मुंबई : प्रादेशिक परिवहन विभाग से रजिस्टर्ड हुए बिना ही अनाधिकृत तरीके से ई-बाईक चलाने वालों पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी संदीप पाटिल ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने तीन दिनों में 671 ई-बाइक चलाने वालों पर केस दर्ज किया और 517 ई-बाइक को जब्त किया है। यह कार्रवाई 27, 28 और 29 नवंबर को की गई थी।
अभियान के दौरान प्रादेशिक परिवहन विभाग से रजिस्टर्ड हुए बिना ही अनाधिकृत तरीके से कई ई-बाईक चालक डिलिवरी बॉय का काम करते हुए पाए गए। ई-बाइक चालकों द्वारा निर्धारित मात्रा से अधिक माल की लोडिंग, उलटे दिशा में ई-बाइक चलाना, सिग्नल जंप करना, नशा कर वाहन चलाना, शोर मचाते हुए तेज गति से ई-बाइक चलाना और फुटपाथों पर ई-बाइक चलाना समेत ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने के आरोप लगे हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इन विभिन्न आरोपों में ई-बाइक चालकों के खिलाफ 671 केस दर्ज कराए हैं।
जानकारों ने मीडिया को बताता कि यदि ई-बाइक की मोटर 250 वाट से अधिक शक्तिशाली है, तो ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता होती है। इतना ही नहीं 25 किमी प्रति घंटा से अधिक गति है तो ई-बाइक लाइसेंस अनिवार्य है। 250 वाट से अधिक की मोटर वाली ई-बाइक का पंजीकरण कराना अनिवार्य होता है।

तस्वीर प्रतीकात्मक 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *