घाटकोपर के आर.जे. कॉलेज का पूर्व छात्र बना बॉम्बे हाईकोर्ट का न्यायाधीश

न्यायाधीश वेणगांवकर का एच.वी.पी.एस के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह ने किया सम्मानित

मुंबई : शनिवार को न्यायमूर्ति हितेन शंकराव वेणगांवकर, हिंदी विद्या प्रचार समिति घाटकोपर के रामनिरंजन झुनझुनवाला कॉलेज (एम्पावर्ड ऑटोनॉमस) के गौरवशाली पूर्व छात्र का सम्मान सबू हॉल में बड़े गर्व और हर्षोल्लास के साथ किया गया। मौके पर डॉ. उषा मुकुंदन, निदेशक, एच.वी.पी.एस., ने कहा कि आर.जे. कॉलेज का एक छात्र बॉम्बे हाईकोर्ट का न्यायाधीश बना है, यह संस्था के लिए अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने उनकी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वे सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा हैं।

गौरतलब है कि एच.वी.पी.एस के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंह ने न्यायमूर्ति वेणगांवकर का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यह शुभ समाचार डॉ. उषा मुकुंदन और डॉ. हिमांशु दावड़ा को सुनाया, तो उनके चेहरे पर गर्व और प्रसन्नता स्पष्ट झलक रही थी। उन्होंने आगे कहा कि आर.जे. कॉलेज के कई पूर्व छात्र आईएएस अधिकारी और मजिस्ट्रेट बने हैं, परंतु बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायाधीश बनने वाले पहले पूर्व छात्र के रूप में न्यायमूर्ति वेणगांवकर की नियुक्ति संस्था के लिए गर्व का विषय है। डॉ. हिमांशु दावड़ा ने माननीय न्यायमूर्ति हितेन शंकराव वेणगांवकर का परिचय दिया और उनके छात्र जीवन से लेकर न्यायाधीश बनने तक की प्रेरणादायी यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी का परिणाम है।

न्यायमूर्ति वेणगांवकर ने आर.जे. कॉलेज में अपने बिताए दिनों को याद किया l जूनियर कॉलेज से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई और फिर गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, मुंबई से कानून की पढ़ाई तक। उन्होंने अपने मार्गदर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत श्दिलीप बाबासाहेब भोसले (जो आगे चलकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने) के सान्निध्य में की। इसके बाद दारियस खंबाटा, तत्कालीन अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया, ने उन्हें केंद्र सरकार के पैनल में शामिल किया, जिससे उन्हें राष्ट्रीय महत्व के मामलों में अनुभव प्राप्त हुआ और उनकी विधिक दृष्टि और पैनी हुई।

न्यायमूर्ति वेणगांवकर ने अपने दो दशक से अधिक के अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सीबीआई (CBI) और ईडी (ED) जैसी प्रमुख एजेंसियों का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने विजय माल्या और नीरव मोदी प्रत्यर्पण मामले (लंदन, 2021) जैसी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियों का भी उल्लेख किया। 2023 में महाराष्ट्र राज्य के मुख्य सरकारी वकील और लोक अभियोजक के रूप में उनकी नियुक्ति हुई और वे कोल्हापुर खंडपीठ पर यह दोहरा पद संभालने वाले पहले व्यक्ति बने। इसके बाद अगस्त 2025 में वे बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए। कार्यक्रम का संचालन व निवेदन सुश्री स्नेहा देवूसकर ने किया और उन्होंने ही आभार प्रदर्शन भी किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह अवसर आर.जे. कॉलेज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *