शिवडी और वडाला पुलिस ने किया तेल चोरी का भंडाफोड़, साढ़े तीन लाख का रासायनिक तेल सहित टेम्पो जब्त

मुंबई : मंगलवार देर रात शिवड़ी पुलिस ने रासायनिक तेलों की चोरी का भंडाफोड़ करते हुए एक टेम्पो सहित करीब 3,48,000 रुपये का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई पोर्ट जोन के डीसीपी के निर्देश पर शिवडी और वडाला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में की गई। इस मामले में शिवड़ी पुलिस स्टेशन ने अपराध पंजीकरण संख्या 423/25 धारा 287, 125 बी एन एस और धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत दर्ज किया है। नामजद आरोपी को पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी से और भी तेल चोरों का पर्दाफाश होने के आसार हैं।

पोर्ट जोन के पुलिस उपायुक्त विजयकांत सागर को जानकारी मिली थी कि शिवड़ी पुलिस स्टेशन की हद में रासायनिक तेलों की चोरी होने वाली है। इस जानकारी के बाद उन्होंने शिवडी पुलिस और वडाला पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया।  पुलिस उपायुक्त सागर के मार्गदर्शन में शिवड़ी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रोहित खोत की टीम और वडाला पुलिस की टीम ने शिवडी के बी शेड और एफ शेड गोदाम के पास दबिश देकर रासायनिक तेलों की चोरी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में टेम्पो संख्या MH 01EE 4879 के मालिक पर बी एन एस धारा 287, 125 और धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत दर्ज किया गया है।

इस मामले में पुलिस ने टेम्पो संख्या MH01EE 4879 सहित रासायनिक तेल जैसा पीला पदार्थ जब्त किया है , जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 3,48,000 रुपए आंकी जा रही है। संयुक्त कार्रवाई में शिवडी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरिक्षक अभिजित जाधव, ए पी आई स्नेहल सिंग खुले और उनकी टीम शामिल थी। इस मामले में शिवडी पुलिस टेम्पो के मालिक की तलाश कर रही है। वहीं मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक जितेंद्र पाटिल कर रहे हैं।

छानबीन से पता चला है कि वर्षों से चल रहे रासायनिक तेलों की चोरी के खेल में तेल माफियाओं पर दर्जनों मामले दर्ज हैं।  इनमें कई वांटेड भी हैं, लेकिन पुलिस की गिरफ्त से बाहर अपना धंधा चला रहे हैं। सूत्रों की माने तो वडाला पुलिस स्टेशन, शिवडी पुलिस स्टेशन, काला चौकी पुलिस स्टेशन और डोंगरी पुलिस स्टेशनों में तेल माफियाओं के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। एक अन्य सूत्र के अनुसार इसी तरह नवी मुंबई के पुलिस स्टेशन का फरार आरोपी भी इन दिनों इसी परिसर में तेल के खेल में लिप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *