लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड के पूर्व निदेशक राजेंद्र एन. लोढ़ा 85 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड के पूर्व निदेशक राजेंद्र एन. लोढ़ा को धोखाधड़ी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड रियल एस्टेट क्षेत्र की दिग्गज कंपनी है।

समाचार एजेंसियों के अनुसार मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने 57 साल के राजेंद्र एन. लोढ़ा को वर्ली इलाके से हिरासत में लिया गया, जहां से उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 23 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। यह गिरफ्तारी कंपनी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर आधारित है, जिसमें लगभग 85 करोड़ रुपए की वित्तीय हेराफेरी का आरोप लगाया गया है।
लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड ने अपने पूर्व निदेशक राजेंद्र नरपतमल लोढ़ा, उनके बेटे साहिल लोढ़ा और कई सहयोगियों पर धोखाधड़ी, गबन तथा विश्वासघात के आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र लोढ़ा को कंपनी की ओर से केवल भूमि अधिग्रहण का अधिकार दिया गया था, लेकिन उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कंपनी की स्वामित्व वाली संपत्तियों की अनधिकृत बिक्री की। इसके अलावा, भूमि सौदों का कम मूल्यांकन कर कंपनी को नुकसान पहुंचाया गया और अवैध हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) लेनदेन में भी उनकी संलिप्तता पाई गई।

क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि राजेंद्र लोढ़ा ने कंपनी के विश्वास को तोड़ा है। उन्होंने अनधिकृत तरीके से संपत्ति बेची और टीडीआर के माध्यम से करोड़ों रुपए का गबन किया। जांच में और सहयोगियों की भूमिका सामने आ रही है। हम पूछताछ के दौरान पूरी सच्चाई उजागर करेंगे। अधिकारी ने बताया कि यह मामला रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता की कमी को उजागर करता है और पुलिस अन्य संभावित धोखाधड़ी की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *