राज कुंद्रा के खिलाफ 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में तीन अभिनेत्रियों से होगी पूछताछ

मुंबई : मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) बिपाशा बासु, नेहा धूपिया और एकता कपूर को जल्द ही नोटिस भेजेगी। मामला बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के खिलाफ 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप का है। इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। नोटिस में उनसे यह जानकारी मांगी जाएगी कि राज कुंद्रा की कंपनी से उन्हें कितने पैसे मिले और किस तरह मिले।
बताते हैं कि व्यवसाई दीपक कोठारी ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर उन्हें 60 करोड़ रुपए का चूना लगाने का आरोप लगाया था। उनका दावा है कि उन्होंने 2015 से 2023 के बीच राज कुंद्रा को बिजनेस एक्सपेंशन के नाम पर पैसे दिए थे, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि ये रकम बिजनेस में नहीं, बल्कि कपल ने निजी खर्चों में इस्तेमाल की।

इस मामले में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने राज कुंद्रा से पूछताछ की है। राज कुंद्रा ने अपने बयान में कहा था कि रकम का एक हिस्सा उन्होंने अभिनेत्रियों को फीस के तौर पर दिया था।
इधर, ईओडब्ल्यू अब तक करीब 25 करोड़ रुपए की सीधी रकम के ट्रांसफर का पता लगा चुकी है। नोटबंदी के समय कंपनी को नगदी की भारी कमी का सामना करना पड़ा था और उसी समय कुछ संदिग्ध लेनदेन भी दर्ज किए गए, जिनके सबूत ईओडब्ल्यू के पास मौजूद हैं। पुलिस को शक है कि इन ट्रांजेक्शन के जरिए पैसे को इधर-उधर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *