मुंबई : मुंबई के शिवाजी पार्क में शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की दिवंगत पत्नी मीनाताई ठाकरे की प्रतिमा पर बुधवार को किसी ने लाल ऑयल पेंट फेंक दिया था। सुबह करीब साढ़े छह बजे एक राहगीर ने प्रतिमा पर रंग देखा। खबर फैलते ही उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा की सफाई शुरू कर दी। पुलिस को भी इस बारे में सूचना दी गई। उसके बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और मनसे कार्यकर्ताओं में भारी रोष दिखा। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे दोनों ही शिवाजी पार्क पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। उद्धव ठाकरे ने इसे महाराष्ट्र में अशांति फैलाने की साजिश बताया। ठाकरे ने कहा, “मुझे लगता है कि इसके पीछे दो तरह के लोग हो सकते हैं। एक तो ऐसे लोग, जिन्हें अपने माता-पिता का नाम लेने में भी शर्म आती है, ऐसे लावारिस व्यक्ति ने किया होगा और जिस तरह से बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान हुआ और उसके बाद बिहार बंद कराने की असफल कोशिश की गई, ठीक उसी तरह इस पूरे घटनाक्रम के जरिए महाराष्ट्र में कुछ दंगा फसाद कराने की साजिश हो सकती है।”
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस घटना की निंदा की। सीएम फडणवीस ने कहा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिलेगी और इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोई जरूरत नहीं है। वहीं शिंदे ने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मुंबई पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।