मुंबई : जल संकटों से जूझ रहे कलवा के नागरिकों की समस्या को लगातार प्रभाग समिति प्रशासन द्वारा अनदेखा किए जाने के कारण बुधवार की सुबह लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इसे लेकर कलवा के नागरिकों ने भाजपा ने स्वामी समर्थ चौक स्टेशन रोड से “आक्रोश मोर्चा” निकाला। मनीषा नगर, जानकी नगर, भुसर अली, रेलवे स्टेशन क्षेत्र, महात्मा फुले नगर, सुदामा सोसाइटी, सह्याद्री सोसाइटी, गोविंद धाम, सुकुर पार्क और दत्तावाड़ी से बड़ी संख्या में जल संकट से जूझ रहे नागरिकों ने इस मोर्चे में भाग लिया। मोर्चा का समापन कलवा प्रभाग समिति कार्यालय के सामने हुआ।
आक्रोश मोर्चा में अपना गुस्सा उतारते नागरिक।
गौरतलब है कि कलवा के नागरिकों की जल संकट समस्या को देखते हुए विधायक संजय केलकर, निरंजन डावखरे ने कहा कलवा के लोगों का अपना वाजिब पानी पाना उनका मौलिक अधिकार है। जलापूर्ति का मुद्दा जीवन-मरण का प्रश्न है और प्रशासन को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। अगर जलापूर्ति में सुधार के लिए तत्काल कदम नहीं उठाए गए, तो भाजपा जनता के साथ सड़कों पर उतरती रहेगी। भाजपा पदाधिकारी और ठाणे व कलवा शहर के नागरिक बड़ी संख्या में इस मार्च में शामिल हुए।