जुबिन के पार्थिव शरीर के काफिले में उमड़ी असम के लोगों की भीड़

News24mumbai Desk
प्रसिद्ध सिंगर जुबिन गर्ग को असम के लोग बहुत प्यार करते थे, हैं। 21 सितम्बर को जैसे ही जुबिन गर्ग का पार्थिव शरीर दिल्ली से असम की राजधानी गुवाहाटी लाया गया, उनके फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। पार्थिव शरीर का काफिला गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से काहिलीपारा स्थित उनके घर के लिए रवाना हुआ, हजारों फैंस अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। सड़कें लोगों से भरी हुई थीं, हर तरफ फूल बरसाए जा रहे थे और भीड़ जोर-जोर से ‘जुबीन दा अमर रहे’ के नारे लगा रही थी। जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने रोते हुए ताबूत को गले लगाया। उनका रोना बंद ही नहीं हो रहा था। जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया ने उन्हें असमिया गमछा अर्पित किया।

पार्थिव शरीर एंबुलेंस में रखा गया था और उनका पोस्टर लगाकर एंबुलेंस को फूला की माला से सजा दिया गया था। पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह और गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थसारथी महांता एंबुलेंस के आगे चल रहे थे ताकि रास्ता खाली रहे।
निधन के दो दिन बाद सिंगर जुबीन गर्ग के पार्थिव शरीर को शनिवार को पहले दिल्ली और फिर रविवार सुबह स्पेशल प्लेन से गुवाहाटी पहुंचाया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दिल्ली हवाई अड्डे पर जुबीन को श्रद्धांजलि दी थी।
ज्ञात हो कि जुबीन गर्ग का 19 सितंबर को निधन हो गया था। सिंगर 20 सितंबर को होने वाले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के लिए सिंगापुर गए हुए थे, जहां उन्होंने कुछ वाटर एडवेंचर एक्टिविटी में हिस्सा लिया था। दावा किया जा रहा था कि सिंगर की मौत स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए एक हादसे में हुई है, हालांकि अब सिंगर की पत्नी ने साफ कर दिया है कि सिंगर की मौत स्कूबा डाइविंग में हुए हादसे नहीं बल्कि दौरा पड़ने से हुई है। जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया ने हाल ही में टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा है कि 19 सितंबर को जुबीन अपने 7-8 साथियों के साथ सिंगापुर में यॉट से एक आइलैंड में गए थे। इस दौरान उनके साथ ड्रमर शेखर और सिद्धार्थ भी मौजूद थे। ग्रुप के बाकी लोगों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, लेकिन जुबीन ने नहीं। वो सभी साथ में याट से तैरने उतरे थे, लेकिन तभी जुबीन को दौरा पड़ा। सिंगर ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जिसकी वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका। गरिमा ने बताया है कि इससे पहले भी सिंगर को कई बार दौरे पड़ चुके हैं। इससे पहले भी सिंगर को सिंगापुर में ही दौरा पड़ा था।
इधर, जुबीन गर्ग की मौत की जांच की जिम्मेदारी असम सरकार ने सीआईडी को सौंपी है। जुबीन गर्ग के निधन के बाद असम में उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा समेत घटना के वक्त उनके साथ मौजूद सभी लोगों और इवेंट मैनेजर के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। शिकायत होने के बाद सिंगर की पत्नी गरिमा ने सिंगर के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से रोते हुए एक वीडियो जारी कर मैनेजर के खिलाफ दर्ज हुई शिकायत वापस लिए जाने की अपील की है।
कौन थे जुबिन गर्ग
जुबीन का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के तिनसुकिया जिले में हुआ था। वे असमिया और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में गायक, संगीतकार, गीतकार, अभिनेता और निर्देशक रहे। उन्होंने असमिया, हिंदी, बांग्ला और अंग्रेजी में गाना गाए। जुबिन ने बिष्णुप्रिया मणिपुरी, आदि, बोरो, अंग्रेजी, गोलपारिया, कन्नड़, कार्बी, खासी, मलयालम, मराठी, मिसिंग, नेपाली, उड़िया, संस्कृत, सिंधी, तमिल, तेलुगु, तिवा सहित 40 भाषाओं और बोलियों में 38 हजार से ज्यादा गाना गए।