मुंबई: मुंबई के सर जे जे मार्ग पुलिस ने घर से 24 लाख रुपए मूल्य के सोना की चोरी करने वाले चोर को उत्तर प्रदेश के बांदा से गिरफ्तार कर लिया है और चोरी के सोना भी बरामद कर लिया है। घर से 20 तोला सोना चोरी करने वाले आरोपी इरशाद कल्लू खान (22) को लगातार सात दिन तक चार राज्यों में पीछा करने के बाद उत्तर प्रदेश के बांदा से गिरफ्तार किया है। घटना 29 नवंबर को नागपाड़ा स्थित आफिया हाइट्स में हुई थी शिकायतकर्ता यूसुफ इब्राहिम कसमनी के घर में इंटीरियर का काम चल रहा था और घर के सभी दरवाजे खुले थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बेडरूम के लकड़ी के कपाट में रखे 200 ग्राम के सोने के बार चोरी कर लिए। इस आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
खोजबीन के दौरान सीसीटीवी फुटेज में काम पर आए एक मजदूर पर संदेह हुआ। जांच में उसका मोबाइल बंद मिला और आधार कार्ड भी फर्जी निकला। जब पुलिस उसके कमरे पर पहुंची तो पता चला कि वह अपना सामान बेचकर गांव भाग गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर उप निरीक्षक प्रशांत नेरकर के नेतृत्व में टीम यूपी के बांदा जिले रवाना हुई। गांव में पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी वहां भी नहीं पहुंचा था। उसके बाद उसके जीजा के नंबर को सर्विलांस में रखा गया। सर्विलांस के कारण लोकेशन पता चला और बांदा से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पेशे से पेंटर आरोपी बांदा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। तफ्तीश टीम में उप निरीक्षक प्रशांत नेरकर, हवलदार तडवी, पुलिस शिपाई घाडगे, कोलपुसे, शेवरे, डावरे और चौधरी शामिल थे।