मुंबई एयरपोर्ट से 2.5 लाख रुपये का बैग चोरी, UAE में नौकरी करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री के बैग की कथित चोरी के मामले में सहार पुलिस ने 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बैग में करीब 2.5 लाख रुपये मूल्य का सामान था।
शिकायत बांद्रा में रहने वाले एक कारोबारी परिवार की ओर से दर्ज कराई गई थी। परिवार मैड्रिड से दुबई होते हुए 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचा था। यात्रियों के छह बैग बुक किए गए थे, लेकिन बैगेज बेल्ट पर पांच ही मिले। काफी तलाश के बाद भी बैग नहीं मिलने पर परिवार ने एयरलाइन से संपर्क किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति कथित तौर पर बैगेज कन्वेयर बेल्ट से बैग उठाकर उसकी सील से छेड़छाड़ करता दिखाई दिया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान शरफुद्दीन सी के रूप में हुई, जिसे 27 अक्टूबर को मस्जिद इलाके के एक होटल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से बैग और उसमें रखे कपड़े, जैकेट, हेयर ड्रायर, परफ्यूम तथा क्रूज यात्रा के दौरान मिले मेडल सहित अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी UAE में एक तेल कंपनी में काम करता है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *