मुंबई। मुंबई पुलिस की दक्षिण क्षेत्र साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग निवेश ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए नागपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का संबंध देशभर में दर्ज 73 साइबर अपराध मामलों से सामने आया है, जिनमें छह मामले मुंबई के हैं।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने कथित तौर पर ग्रेन गार्डन डिलाइट प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्जी कंपनी बनाकर बैंक खाता खुलवाया था। फर्जी किरायानामों और दस्तावेजों के जरिए खोले गए खाते में साइबर ठगी की रकम जमा कर दूसरे खातों में भेजी जाती थी। पुलिस के अनुसार, इस खाते के जरिए करीब 24.75 लाख रुपये की संदिग्ध रकम का लेन-देन हुआ। मामले में आगे की जांच जारी है।
चर्चगेट लोकल में मोबाइल चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार
मुंबई। लोकल ट्रेन यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने के आरोप में बांद्रा रेलवे क्राइम ब्रांच ने 25 वर्षीय रोहित मंजी सतलेया उर्फ खरवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को विरार रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में आने की सूचना मिलने के बाद जाल बिछाकर पकड़ा गया।
पुलिस ने उसके पास से करीब 1.17 लाख रुपये के चोरी के सामान बरामद किए हैं। इसमें दो मोबाइल फोन और लगभग 7.98 ग्राम की सोने की छड़ शामिल है। आरोपी पर चर्चगेट स्टेशन से मोबाइल चोरी करने और बांद्रा रेलवे क्षेत्र में सोने की चोरी के मामले में संलिप्त होने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े यात्रियों और सफर के दौरान सो जाने वाले यात्रियों को निशाना बनाता था। उसके खिलाफ कई रेलवे पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।