मुंबई : मुंबई के अंधेरी पूर्व स्थित जेके इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास एमआईडीसी पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.896 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 66.36 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपी सातारा से मुंबई में नशीला पदार्थ बेचने आए थे। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
बैंक खाता किराये पर देकर 30 लाख रुपये की साइबर ठगी, नांदेड़ का युवक गिरफ्तार
मुंबई में करीब 30 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने नांदेड़ के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए उपलब्ध कराया था। पुलिस को उसके चैट रिकॉर्ड से कई ठगी करने वाले गिरोहों के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
36 साल पुराने लूटकांड का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने करीब 36 साल पुराने लूट के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर 30 अक्टूबर को गुजरात के वडोदरा जिले के पोर गांव से आरोपी को पकड़ा। इतने लंबे समय बाद हुई गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।