मस्जिद बंदर के होटल में पायधुनी पुलिस की छापेमारी, 72.21 लाख रुपये का माल जब्त; 11,710 पैकेट विदेशी सिगरेट और 2,172 ई-सिगरेट बरामद
मुंबई। मुंबई में विदेशी ब्रांड की नकली सिगरेट और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ पायधुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में छापेमारी कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत 72 लाख 21 हजार 550 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को पायधुनी पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण टीम मस्जिद बंदर इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि होटल स्टार्स के आसपास विदेशी ब्रांड की नकली सिगरेट और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का अवैध भंडारण किया गया है। यहां से इन उत्पादों की सप्लाई और बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और संबंधित परिसर में छापेमारी की।
11,710 पैकेट विदेशी सिगरेट और 2,172 ई-सिगरेट जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 19 लोग मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध बताई गईं। तलाशी लेने पर उनके पास से 11,710 पैकेट विदेशी निर्मित नकली सिगरेट और 2,172 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद हुईं। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की बाजार कीमत 72,21,550 रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट का अवैध तरीके से भंडारण कर मुंबई के विभिन्न इलाकों में इसकी आपूर्ति और बिक्री करने में शामिल थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सिगरेट की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
19 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
इस मामले में पकड़े गए आरोपियों की उम्र 20 से 48 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। उनके पास से बरामद सामग्री के स्रोत, मुंबई में इसकी सप्लाई और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बलकवड़े, पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर. और सहायक पुलिस आयुक्त रेणुका बुवा के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान में पायधुनी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लक्ष्मीकांत सालुंखे, पुलिस निरीक्षक (अपराध) अजय कदम, पुलिस उपनिरीक्षक कल्पेश चव्हाण सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल थे।
पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट की खेप मुंबई में किन रास्तों से पहुंचाई जाती थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।