पवई में 15 वर्षीय किशोरी से यौन उत्पीड़न का आरोप, छह आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। पवई पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी से कथित यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 27 और 28 अक्टूबर के बीच पवई तथा अंधेरी पूर्व के अलग-अलग स्थानों पर हुई बताई गई है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 29 अक्टूबर को मामला दर्ज कर आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ किशोरी को पवई के साकी विहार रोड स्थित एक खाली भूखंड पर ले जाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। शिकायत में तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी छह आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

चर्चगेट स्टेशन पर गिरे दो ड्रोन, यात्री के सिर में लगी चोट; आयोजक कंपनी तलब

मुंबई। चर्चगेट रेलवे स्टेशन पर दो ड्रोन गिरने से एक यात्री घायल हो गया। घटना 28 अक्टूबर की रात की है। ये ड्रोन मरीन ड्राइव और वानखेड़े स्टेडियम इलाके में आयोजित एक निजी टेलीकॉम कंपनी के प्रमोशनल शो में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, प्लेटफॉर्म नंबर 3 और 4 के पास इंतजार कर रहे 37 वर्षीय यात्री के सिर पर अचानक ड्रोन गिर गया। इससे उनके माथे और सिर में चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
रेलवे पुलिस ने दोनों ड्रोन जब्त कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ड्रोन संचालन से जुड़ी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ड्रोन नियंत्रण से बाहर कैसे हुए।

गोरेगांव में 1.28 करोड़ की एमडी ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार

मुंबई। गोरेगांव पूर्व में डिंडोशी पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 640 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स जब्त की है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को फिल्म सिटी रोड-1 स्थित हनुमान नगर के सैटेलाइट टावर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति नीले रंग का बैग लेकर खड़ा था। पुलिस ने तलाशी ली तो बैग से 640 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। आरोपी को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

नवी मुंबई पुलिस की ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई, 2.20 करोड़ की कोकीन और एमडी जब्त

नवी मुंबई। एंटी नारकोटिक्स सेल ने दिवा-मुंब्रा इलाके में कार्रवाई कर दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.018 किलोग्राम मेफेड्रोन और 316.5 ग्राम कोकीन सहित छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जब्त नशीले पदार्थों और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई तलोजा में पहले दर्ज एनडीपीएस मामले से मिले डिजिटल और वित्तीय सुरागों के आधार पर की गई।
पुलिस अब ड्रग्स नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *