मुंबई में डेढ़ करोड़ रुपये का चरस जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

बांद्रा पश्चिम स्थित घर पर क्राइम ब्रांच की छापेमारी, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मुंबई : मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-9 ने 24 अक्टूबर 2026 को बांद्रा पश्चिम स्थित एक घर पर छापेमारी कर करीब 1 किलो 505 ग्राम चरस जब्त की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में 40 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बांद्रा पश्चिम स्थित अपने घर से एक व्यक्ति मादक पदार्थों की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-9 की टीम ने पंचों की मौजूदगी में संबंधित घर पर छापेमारी की। इस दौरान चरस बरामद कर कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त की गई।

इस मामले में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण-1) नवनाथ ढवले तथा सहायक पुलिस आयुक्त (डी-ईस्ट) धर्मपाल बनसोडे के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सचिन पुराणिक, सहायक पुलिस निरीक्षक महेंद्र पाटिल एवं विजय धात्रे, पुलिस उपनिरीक्षक कल्याण पाटिल एवं ऋषिकेश बाबर तथा पुलिसकर्मी सुभाष शिंदे, राहुल पवार, राकेश कदम, रविंद्र वाघमारे और पुनम जगताप शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *