मुंबई के चेंबूर में 75 बोतल कोडीन कफ सिरप जब्त, संदिग्ध से पूछताछ

वर्ली एंटी-नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, वीएनपी और आरसी मार्ग जंक्शन मोनोरेल स्टेशन के पास पकड़ा गया संदिग्ध

मुंबई : मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल, वर्ली यूनिट ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, आपूर्ति और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चेंबूर इलाके से कोडीन कफ सिरप की 75 बोतलें जब्त की हैं। जब्त सिरप की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, वर्ली यूनिट की टीम मुंबई शहर में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति करने वालों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान वीएनपी और आरसी मार्ग जंक्शन स्थित मोनोरेल स्टेशन के पास, आरसी मार्ग, चेंबूर में एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे रोककर जांच की। तलाशी के दौरान उसके पास से कोडीन कफ सिरप की कुल 75 बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में एंटी-नारकोटिक्स सेल की पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी, सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरडेकर तथा वर्ली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे के नेतृत्व में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक किरण वाघ और उनकी टीम शामिल रही।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि सिरप की आपूर्ति के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *