बोरीवली में 3.08 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

घाटकोपर एंटी-नारकोटिक्स सेल की कार्रवाई, नालासोपारा से ड्रग्स लाकर मुंबई में बेचने की फिराक में थे आरोपी

मुंबई : मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल की घाटकोपर यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोरीवली पूर्व इलाके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 28 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 8 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान घाटकोपर यूनिट की टीम को बोरीवली पूर्व में पश्चिम द्रुतगति मार्ग पर नेशनल पार्क के सामने, श्रीकृष्णा कॉम्प्लेक्स को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के मेन गेट के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। संदेह के आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

इस मामले में एंटी-नारकोटिक्स सेल ने अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराध क्रमांक 728/2026 से संबंधित कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 28, 28 और 39 वर्ष बताई गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी नालासोपारा से एमडी ड्रग्स लेकर आए थे और उसे बेचने के लिए मुंबई पहुंचे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और ड्रग्स की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।

यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, एंटी-नारकोटिक्स सेल की पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरडेकर के मार्गदर्शन में की गई।

घाटकोपर यूनिट के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीकांत आदाटे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक अभिजीत अहिरराव, सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश वाघ, पुलिस उपनिरीक्षक पंकज पाटिल, संदीप रहाणे तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

मुंबई पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *