मुंबई में मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर के कॉन्सर्ट का भी ईमेल में जिक्र, पुलिस की तलाशी में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान

मुंबई : मुंबई में शुक्रवार को बम धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई। कुछ स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद मुंबई और नवी मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय को शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें कार्यालय और कुछ शैक्षणिक संस्थानों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले पर 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की आशंका जताई गई। इसके अलावा, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में प्रस्तावित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया।
धमकी के बाद पुलिस ने मेयर कार्यालय, स्कूलों और संबंधित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। नवी मुंबई के ऐरोली सहित कुछ इलाकों में स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया और विद्यार्थियों को समय से पहले घर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जांच और तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
पुलिस अब ईमेल भेजने वाले की पहचान, संदेश की विश्वसनीयता और इसके पीछे संभावित साजिश की जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों और कार्यक्रम स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल, धमकी की वास्तविकता को लेकर जांच जारी है और किसी हमले की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *