महाराष्ट्र : कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में दिपके ने कहा कि उन्हें आशंका है कि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन से पहले या प्रदर्शन के दौरान उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी गिरफ्तारी से आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
दिपके ने युवाओं से आंदोलन जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर पहुंचने से रोकती है, तो कार्यकर्ताओं को महात्मा गांधी के सत्याग्रह और अहिंसा के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस जहां उन्हें रोके, कार्यकर्ता उसी स्थान को जंतर-मंतर मानकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दें।
उन्होंने कहा कि आंदोलन किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है और गिरफ्तारी की स्थिति में भी समर्थक शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करते रहें। दिपके ने युवाओं से बड़ी संख्या में आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।