क्रेडिट कार्ड फिशिंग से ₹4.48 लाख की ठगी का मामला, ₹19.66 लाख के फोन बरामद
मुंबई : एलटी मार्ग पुलिस ने क्रेडिट कार्ड फिशिंग के जरिए कथित तौर पर ठगी गई रकम से महंगे मोबाइल फोन खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 25 स्मार्टफोन, जिनकी अनुमानित कीमत ₹19.66 लाख है, बरामद किए हैं। जांच के अनुसार एक व्यक्ति ने खुद को आरबीएल बैंक का प्रतिनिधि बताकर पीड़ित से संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड की ‘मेल ऑर्डर’ सेवा बंद कराने का झांसा दिया। इसके बाद व्हाट्सऐप पर फिशिंग लिंक भेजा गया। लिंक खोलने के बाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर तीन अनधिकृत लेनदेन के जरिए करीब ₹4.48 लाख की रकम निकाल ली गई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कुरला और गुजरात के अहमदाबाद से 23 वर्षीय अनीस बेग मिर्जा और 34 वर्षीय मोइन शेख को गिरफ्तार किया। दो मोबाइल सीधे इस मामले से जुड़े मिले, जबकि 23 अन्य फोन दूसरे साइबर अपराधों से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।