मोबाइल चोरी के मामले में नरेश उर्फ रविंद्र उर्फ नाडू उर्फ कड़ू गिरफ्तार, साथी भी दबोचा गया
मुंबई : आरसीएफ पुलिस ने 32 मामलों में आरोपी और तड़ीपार अपराधी नरेश उर्फ रविंद्र उर्फ नाडू उर्फ कड़ू (27) को मोबाइल चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का करीब एक लाख रुपये कीमत का मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में उसके साथी सुजल सतीश कुटे (18) को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चेंबूर कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुंबई और नवी मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में कुल 32 मामले दर्ज हैं। पूर्व में पुलिस ने उसे तड़ीपार भी किया था। इसके बावजूद वह चेंबूर कैंप इलाके में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना हुलिया बदलने के लिए बुर्का पहनकर वाशीनाका इलाके में एक घर से दो महंगे मोबाइल फोन चोरी किए और फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन कई बार फुटेज खंगालने के बावजूद स्पष्ट सुराग नहीं मिला।
इसी दौरान जांच टीम को दोनों आरोपियों के मोटरसाइकिल पर सवार होने के दौरान पहने गए जूतों से अहम सुराग मिला। इसके आधार पर पुलिस ने जांच की दिशा बदली और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल MH-03-EY-3620 भी बरामद कर ली।
आरसीएफ पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस आयुक्त प्रमोद काकड़े और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय पाटील के मार्गदर्शन में डिटेक्शन टीम ने कार्रवाई की। सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप बाला साहेब पवार के नेतृत्व में हवलदार प्रदीप शिंदे, श्रीहरि कसबे, चंद्रकांत खैरे, संकेत धूमल और लक्ष्मीकांत इंगोले सहित टीम के अन्य सदस्यों ने करीब एक सप्ताह तक कड़ी मेहनत कर आरोपियों को चेंबूर कैंप से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों को सुलझाना आसान नहीं होता, लेकिन टीम ने लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 32 मामलों वाले इस शातिर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।