मुंबई : बांद्रा इलाके में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक मैकेनिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फहाद फरीद खान के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह बिना नंबर प्लेट की कार से घूमता था। कार के शीशों पर पर्दे लगे थे और वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी नहीं थे। पुलिस की पूछताछ में उसके फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने पहले कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
बिल्डर से रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
मुंबई : अंधेरी इलाके में एक बिल्डर को बीएमसी की कार्रवाई का डर दिखाकर उससे रंगदारी मांगने के आरोप में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निर्माण कार्य को लेकर बिल्डर को धमकी दी और पैसे की मांग की थी। पुलिस ने कथित तौर पर रंगदारी की रकम लेते समय तीनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।