मुंबई: शिवाजी पार्क सिटीजन्स फोरम ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। फोरम ने आरोप लगाया कि 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इस मामले में फोरम ने पुलिस से दीपके के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रदर्शन के आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम शिवाजी पार्क में आयोजित CJP के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे 75 वर्षीय गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पिल्लई मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और ठाणे के दोस्ती वेस्ट काउंटी, बी विंग में रहते थे। पुलिस ने बताया कि वह प्रदर्शन देखने के लिए शाम करीब 4:30 बजे शिवाजी पार्क पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई।
फोरम का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उचित व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारण तथा प्रदर्शन के दौरान हुई परिस्थितियों की जांच की जा रही है।