मुंबई : ओशिवारा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की गला रेतकर और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान झुमरी के रूप में हुई है। इस मामले में उसके पति धीरज पवार को गिरफ्तार किया गया है। धीरज के खिलाफ कथित तौर पर झुमरी पर पहले बड़े पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने और फिर चाकू से उसकी गला रेतकर हत्या कर देने का आरोप है। मंगलवार शाम घटी यह वारदात ओशिवारा पुलिस स्टेशन से महज 100 मीटर की दूरी पर इन्फिनिटी मॉल ट्रैफिक सिग्नल के पास हुई।
धीरज पवार और उसकी पत्नी झुमरी मूल रूप से महाराष्ट्र के अमरावती जिले के रहने वाले थे। दोनों रोजगार के लिए अक्सर मुंबई आते-जाते थे। उनके तीन बच्चे, एक बेटा और दो बेटियां हैं। तीनों अमरावती में रहते हैं। पवार दंपति सोमवार को काम के सिलसिले में मुंबई पहुंचे थे। परिवार में पहले से ही विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आदर्श नगर में दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि बहस के दौरान धीरज ने गुस्से में आकर सड़क किनारे पड़ा एक बड़ा पत्थर उठाकर झुमरी पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद उसने चाकू से उसका गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर ओशिवरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और झुमरी को कूपर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर हत्या करना स्वीकार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।
अन्य खबरें
नकली दूध बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
मुंबई क्राइम ब्रांच ने गोरेगांव में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वे अमूल और गोकुल जैसे ब्रांडेड दूध में दूषित पानी मिलाकर उसे बाजार में बेच रहे थे। पुलिस ने बड़ी मात्रा में मिलावटी दूध और उपकरण जब्त किए हैं।
दक्षिण मुंबई में पानी की आपूर्ति प्रभावित
तकनीकी खराबी के कारण दक्षिण मुंबई के कई इलाकों में बुधवार सुबह पानी की आपूर्ति बाधित रही। बीएमसी ने बताया कि मरम्मत कार्य के बाद शाम तक जलापूर्ति सामान्य होने की संभावना है।
मुंबई के 12 रेलवे स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम शुरू
सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई मंडल के 12 प्रमुख स्टेशनों पर इमरजेंसी मेडिकल रूम (EMR) शुरू किए हैं। भविष्य में इसे 40 और स्टेशनों तक विस्तारित करने की योजना है।
मुंबई सहित छह जिलों में येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और कोंकण के अन्य जिलों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।