मुंबई : मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) के सात बंगला इलाके में एक पति ने पत्नी के पेट में लात मार दी, जिससे इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। मौत के बाद साली ने जीजा पर बहन की हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करा दी। मृतका की बहन की शिकायत पर वर्सोवा पुलिस ने आरोपी ( शिकायतकर्ता का जीजा) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय रुकसाना शेख पति शाहनुद्दीन शेख के साथ अंधेरी के सात बंगला के सागर कुटीर संघ में रहती थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आरोप है कि झगड़े के दौरान शाहनुद्दीन ने रुकसाना के पेट में लात मारी, जिससे उसे तेज दर्द शुरू हो गया। इसके बाद, रुकसाना ने अपनी बहन जारा को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन रुकसाना को पहले कूपर अस्पताल ले गए, जहां सीटी स्कैन रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत बेहद गंभीर है। उसके शरीर के अंदर संक्रमण तेजी से फैल चुका है। इलाज के दौरान कूपर में ही रुकसाना की मौत हो गई।
डॉक्टरों ने रुकसाना को मृत घोषित करने के बाद पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में सामने आया कि उसके पेट पर गंभीर चोट लगी है। इससे उसकी आंतों को नुकसान पहुंचा था। इस वजह से पेट और रक्त में संक्रमण फैल गया और रुकसाना की मौत हो गई। मृतका की बहन जारा शेख की शिकायत पर वर्सोवा पुलिस ने शाहनुद्दीन शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।