मिसिंग लिंक प्राेजेक्ट आम लोगों के लिए खुला, गाड़ी रोककर सेल्फी लेने पर लगेगा जुर्माना

मुंबई : मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे के मिसिंग लिंक का महाराष्ट्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्घाटन किया और अब इस ‘मिसिंग लिंक प्राेजेक्ट’ को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।सीएम ने ‘मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट’ आम लोगों के लिए खुलने पर कहा कि यह ‘स्वप्नपूर्ति’ है। इस लिंक से मुंबई-पुणे की यात्रा करीब 20 से 30 मिनट जल्दी पूरी होगी।
इधर, यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर ‘कनेक्टिंग लिंक’ (मिसिंग लिंक) ट्रैफिक के लिए खोले जाने के बाद प्रशासन ने देखा कि यात्रा के दौरान ड्राइवर केबल-स्टेड ब्रिज और सुरंगों के पास अपनी गाड़ियां रोककर सेल्फी और फोटो ले रहे हैं। एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां रोकना मना है, और इससे गाड़ी मालिकों के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा होता है। इसलिए, महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम ने लोगों से ऐसा न करने की अपील की है।
स्पीड लिमिट (गति सीमा) की भी घोषणा की गई है। सुरंग के अंदर हल्के मोटर वाहनों के लिए 100 किमी/घंटा की स्पीड लिमिट तय की गई है और बसों व यात्री वाहनों के लिए 80 किमी/घंटा की। सुरंगें और दोनों पुल पूरी तरह से सीसीटीवी की निगरानी में हैं।
सरकार ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि सेल्फी, फोटो और रील्स बनाने के लिए गाड़ी रोकने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *