मुंबई की बसों में रियायत के लिए सीएम ने किया एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड लॉन्च

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय में बुधवार को ‘RuPay On-The-Go’ एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) सक्षम स्मार्ट कार्ड योजना का लोकार्पण किया। मौके पर राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक मौजूद थे। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल ने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड लांच करने का ऐलान किया था।
इस योजना के तहत विद्यार्थियों से लेकर ज्येष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं तथा अन्य यात्रियों को आधार से लिंक किए गए एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस कार्ड के माध्यम से यात्रियों को एसटी बस यात्रा में मिलने वाली रियायतों का लाभ अधिक आसानी से मिलेगा तथा यात्रा प्रबंधन अधिक डिजिटल और पारदर्शी बनेगा। महाराष्ट्र सरकार ने पिछले दिनों रियायती यात्रा के लिए इस कार्ड को अनिवार्य किया था। एसटी की ‘लालपरी’ बसों में विभिन्न सामाजिक श्रेणियों के तहत मिलने वाली छूट (Concessions) अब केवल इसी कार्ड के माध्यम से उपलब्ध होगी।

महाराष्ट्र की एसटी बसों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराए में छूट है। यह 65-75 वर्ष के आयु वर्ग के लिए 50 फीसदी और 75 साल से अधिक उम्र वालों के लिए यात्रा मुफ्त है। महिला सम्मान योजना के तहत टिकट की कीमतों में 50 प्रतिशत की छूट है। इतना ही नहीं स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए बस पास पर मिलने वाली रियायत दी जाती है। दिव्यांग व्यक्तियों को विशेष छूट दी जाती है। ‘एक राष्ट्र, एक कार्ड’ (One Nation, One Card) के तहत इसी परिकल्पना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *