मुंबई : मुंबई की कुरार पुलिस ने मलाड पूर्व के पठानवाड़ी इलाके में छापेमारी कर चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी बांग्लादेशी नागरिक लंबे समय से फर्जी पहचान के सहारे यहां रह रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुरार पुलिस स्टेशन के एटीसी (एंटी-टेरर सेल) अधिकारी को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक मलाड ईस्ट के पठानवाड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे हैं और नकली दस्तावेजों के आधार पर स्थानीय पहचान बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कुरार पुलिस और एटीसी टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए 2 से 6 फरवरी के बीच इलाके में कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों को मौके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने खुद को बांग्लादेश का नागरिक स्वीकार किया। प्रारंभिक जांच में उनके पास से बांग्लादेश से संबंधित कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए, जिनमें स्थायी निवास प्रमाणपत्र, नागरिकता प्रमाणपत्र और बांग्लादेश का नेशनल आईडी कार्ड शामिल है।
पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सभी को बांग्लादेश वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।