महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के नागपुर जिले में नागपुर-भंडारा हाईवे पर महालगांव के पास नाग नदी के पुल पर भीषण सड़क हादसे में दो चचेरी बहनों अलिशा मेहर और मोनाली घाटोले की मौत हो गई। दोनों बहनें भुगांव में आयोजित हल्दी सेरेमनी में शामिल होने के लिए जा रही थीं। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। अलिशा की मौके पर ही मौत हो गई। मोनाली ने अस्पताल जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अलीशा की शादी सात महीने पहले ही हुई थी। मोनाली घाटोले की शादी 26 फरवरी को होनी थी। दोनों के घरों में मातम पसरा है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटवाकर ट्रैफिक को चालू करवाया और केस दर्ज किया। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।