मुंबई : बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने एक हफ्ते के भीतर मुंबई और पूर्वी उपनगरों में 27 जनवरी से 11 दिनों तक पानी कटौती की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद मुंबईकरों की परेशानी बढ़ गई है। पानी की बड़ी किल्लत होने वाली है। बीएमसी अधिकारी ने बताया कि करीब 50 प्रतिशत आबादी वाले 12 नगर निगम वार्डों में 10 प्रतिशत पानी की सप्लाई कम कर दी जाएगी। यह कटौती 27 जनवरी से 7 फरवरी तक चलेगी। यह कटौती ठाणे और भिवंडी नगर निगमों के तहत आने वाले उन इलाकों में भी लागू होगी, जिन्हें मुंबई नगर निगम से पानी सप्लाई होता है।
बताते हैं कि इससे पहले 20 से 22 जनवरी तक शहर के कई हिस्सों में 44 घंटे की पानी कटौती की गई थी।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार 27 जनवरी से होने वाली यह पानी कटौती पीसे वाटर डैम में न्यूमेटिक गेट सिस्टम पर जरूरी रखरखाव के लिए की जा रही है। दरअसल न्यूमेटिक गेट सिस्टम एक ऐसा वॉटर कंट्रोल सिस्टम है जो बांध में पानी के बहाव और लेवल को नियंत्रित करता है। यह बाढ़ के पानी के स्तर को बनाए रखने में भी मदद करता है। ये गेट स्टील गेट पैनल को सहारा देने के लिए कंप्रेस्ड एयर का इस्तेमाल करते हैं।
मुंबई के इन इलाकों में होगी पानी की कटौती
‘A’ वार्ड – नेवल डॉकयार्ड एरिया
‘B’ वार्ड – मोहम्मद अली मार्ग, डोंगरी
‘C’ वार्ड – भिंडी बाजार, बोहरी मोहल्ला, घोघरी मोहल्ला एरिया
‘E’ वार्ड – बायकुला, मदनपुरा, अग्रीपाड़ा, डॉकयार्ड मार्ग, चिंचपोकली, रे रोड
‘F साउथ’ वार्ड – परेल, लालबाग, हिंदमाता
‘F नॉर्थ’ वार्ड – माटुंगा, शिव, वडाला, हिंदू कॉलोनी
पूर्वी उपनगर में यहां होगी कटौती
‘T’ वार्ड – मुलुंड (ईस्ट) और (वेस्ट) एरिया
‘S’ वार्ड – भांडुप, नाहुर, कांजुरमार्ग और विक्रोली (ईस्ट) एरिया
‘N’ वार्ड – विक्रोली, घाटकोपर (ईस्ट), घाटकोपर
‘L’ वार्ड – कुर्ला (ईस्ट) एरिया
‘M ईस्ट’ वार्ड – मानखुर्द, अणुशक्ति नगर, देवनार
‘M वेस्ट’ वार्ड – चेंबूर, सिंधी कॉलोनी, छेडा नगर, तिलक नगर।