मुंबई : बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव का मतदान 15 जनवरी को है। चुनाव प्रचार 13 जनवरी की शाम तक चला। उसके बाद 48 घंटे का साइलेंट पीरियड चालू हो गया। 16 जनवरी को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग और महानगरपालिका ने चुनाव की तैयारी पूरी कर ली है।
राज्य की 29 महानगर पालिकाओं की कुल 2869 सीटों के लिए 15,931 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 29 महानगरपालिकाओं में कुल 3,48,78,017 मतदाता 15,931 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 1,81,93,666 पुरुष मतदाता, 1,66,79,755 महिला मतदाता तथा 4596 अन्य मतदाता हैं। मतदान के लिए राज्यभर में 39,147 केंद्र बनाए गए हैं।
मुंबई की कुल 227 सीटों के लिए 1700 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, तो ठाणे मनपा की 131 सीटों पर 656 प्रत्याशी, कल्याण-डोंबिवली मनपा की 122 सीटों के लिए 489 उम्मीदवार, उल्हासनगर की 78 सीटों के लिए 432 प्रत्याशी, नवी मुंबई की 111 सीटों के लिए 499 उम्मीदवार, मीरा-भायंदर की 95 सीटों के लिए 435 प्रत्याशी और भिवंडी निजामपुर की 90 सीटों के लिए 439 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।