महाराष्ट्र : महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता 66 वर्षीय हिदायतुल्लाह पटेल को मंगलवार को एक युवक ने चाकू मार दिया था। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि अकोट तालुका के मोहाला गांव की एक मस्जिद में हिदायतुल्लाह पटेल पर पुरानी रंजिश के कारण धारदार हथियार से हमला कर दिया गया था।
पुलिस ने हमले के कुछ घंटों बाद ही आरोपी उबेद खान उर्फ कालू खान उर्फ राजिक खान पटेल (22) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि हिदायतुल्लाह पटेल मोहाला गांव की जामा मस्जिद (मारकज मस्जिद) में नमाज अदा करने के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए।
घटना के बाद इलाके में तनाव है और पुलिस जांच में जुटी है। पटेल अकोला जिले में कांग्रेस के प्रमुख नेता थे। उन्होंने 2014 और 2019 में अकोला लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।