मुंबई : मुंबई के अंधेरी में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र के भंगारवाड़ी में एक दो मंजिला इमारत में शाम करीब 4:55 बजे केमिकल लीक हो गई। केमिकल लीक होने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें एक की मौत हो गई और दो अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि रिसाव हुए केमिकल की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। घटना की पहली सूचना दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद उसकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। केमिकल का रिसाव होने के बाद इसकी चपेट में आए वहां मौजूद तीनों लोगों की हालत गंभीर हो गई। तीनों को तुरंत पास के होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया।अहमद हुसैन को अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि नौशाद अंसारी (28) और सबा शेख (17) को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है और उनकी हालत गंभीर है। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर तलाशी अभियान जारी है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सतर्क कर दिया गया है।