मुंबई : महाराष्ट्र में 246 नगरपालिका परिषद और 42 नगर पंचायत में 6,859 सदस्यों और 288 अध्यक्षों के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 नवम्बर को शुरू हो गई। पहले ही दिन अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए 664 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन नामांकन भरा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर है, जबकि 18 नवंबर को फॉर्म की जांच की जाएगी। अपील नहीं होने की स्थिति में नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 21 नवंबर, जबकि अपील होने की स्थिति में 25 नवंबर रखी गई है। 2 दिसंबर को ईवीएम के माध्यम से मतदान होगा और 3 दिसंबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव में कुल 1.07 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। कोकण की 27, नासिक की 49, पुणे की 60, छत्रपति संभाजीनगर की 52, अमरावती की 45 और नागपुर की 55 नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के लिए चुनाव कराए जा रहे हैं।