भिवंडी में महावीर सिंथेटिक कंपनी में भीषण आग, लाखों का नुकसान

भिवंडी/महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के भिवंडी के रहनाला गांव के महादेव मंडवी कॉम्प्लेक्स में महावीर सिंथेटिक कंपनी में मंगलवार को भयानक आग लग गई। इससे लाखों रुपए के सामान का नुकसान हुआ है। कंपनी ग्राउंड प्लस दो मंजिला इमारत में चलती है। आग दूसरे मंजिल पर भड़की, जहां ऑफिस और कपड़ों का गोदाम था। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने का समय सुबह करीब साढ़े चार बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही भिवंडी अग्निशमन दल की दो दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए जोर-शोर से प्रयास कर रहे हैं। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दूसरे मंजिल की दीवार ढह गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंपनी में रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से दीवार गिर पड़ी। इससे आसपास के लोग दहशत में आ गए, लेकिन समय रहते निकासी हो गई।
आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। अधिकारी शॉर्ट सर्किट या गैस लीक जैसी संभावनाओं की जांच कर रहे हैं। हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, जो राहत की बात है। हालांकि, कंपनी के मालिक और स्थानीय व्यवसायियों का अनुमान है कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ होगा। गोदाम में रखे कपड़े, सिंथेटिक सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। आग की लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के निवासियों को सांस लेने में तकलीफ हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *