कुख्यात ड्रग्स तस्कर सलीम डोला का करीबी मोहम्मद सलीम सुहेल शेख दुबई से गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई क्राइम ब्रांच ने ड्रग तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात ड्रग्स तस्कर सलीम डोला के करीबी मोहम्मद सलीम सुहेल शेख को दुबई से गिरफ्तार कर लिया है और उसे भारत ले आया गया है। यह नेटवर्क महाराष्ट्र के सांगली जिले में चल रही मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग फैक्ट्री से जुड़ा था, जिसके तार दुबई तक फैले थे। पुलिस ने इस कार्रवाई में 256 करोड़ से अधिक की कीमत का माल जब्त किया है और अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी विशाल ठाकुर के अनुसार पिछले साल 16 फरवरी को क्राइम ब्रांच की यूनिट-7 को सूचना मिली थी कि कुर्ला इलाके में एक महिला ड्रग्स की तस्करी कर रही है। इसके बाद पुलिस ने परवीन बानो गुलाम शेख को 641 ग्राम मेफेड्रोन (कीमत 12.20 लाख) और 12 लाख नकद के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में परवीन ने बताया कि उसने यह ड्रग्स सलीम शेख और सलीम डोला के नेटवर्क से मुंबई के साजिद मोहम्मद आसिफ शेख उर्फ डैब्ज के जरिए खरीदी थी। पुलिस ने साजिद को मीरा रोड से गिरफ्तार कर उसके पास से 3 किलो मेफेड्रोन (कीमत 6 करोड़) और 3.68 लाख नकद बरामद किए।
जांच में खुलासा हुआ कि सलीम शेख दुबई से भारत में पूरे ड्रग नेटवर्क को संचालित कर रहा था और उसका कनेक्शन सांगली में चल रही मेफेड्रोन फैक्ट्री से था। इसके बाद 25 मार्च को क्राइम ब्रांच ने सांगली में छापा मारकर 122.5 किलो मेफेड्रोन (कीमत 245 करोड़), भारी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें, वाहन और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को संदेह है कि इस फैक्ट्री के लिए कच्चा माल यूएई की एक केमिकल कंपनी से मंगवाया जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *