राजस्थान के जैसलमेर में चलती बस में लगी आग, 21 की मौत

— अस्पताल पहुंचकर सीएम ने की घायलों से मुलाकात

— अस्पताल प्रबंधन को दिया सबका बेहतर इलाज करने का निर्देश

News24mumbai Desk

जयपुर : राजस्थान के जैसलमेर में 14 अक्टूबर को एक बस में आग लग जाने से अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है। दिल दहला देने वाली यह घटना आर्मी स्टेशन के पास जैसलमेर- जोधपुर हाईवे पर हुई। चलती बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 20 लोगों की जान चली गई थी। आज एक यात्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में मारे गए 19 लोगों के शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। अब केवल डीएनए जांच से ही पहचान संभव है।
हादसे की जानकारी मिलते ही, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री देर रात चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, राज्यमंत्री केके बिश्नोई और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के साथ विशेष विमान से जैसलमेर से जोधपुर पहुंचे। उन्होंने महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती गंभीर रूप से घायल 15 यात्रियों से मुलाकात की, जिनका बर्न यूनिट में इलाज चल रहा है। दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि घायलों में से एक ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया था। यहां सीएम से अस्पताल प्रबंधन को सभी का बेहतर इलाज का निर्देश दिया।

घायलों का हालचाल पूछते सीएम भजनलाल शर्मा।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया। जिला प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिए हैं और डीएनए जांच के जरिए मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने एक्स पोस्ट में लिखा, “जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर बस में आग लगने से हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, तथा अधिक से अधिक यात्रियों की रक्षा करें।”
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताया। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पोस्ट में लिखा, “राजस्थान के जैसलमेर में बस में आग लगने की दुखद घटना में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
हादसे पर पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी ने भी दुख जताया। उन्होंने इस घटना को हृदय विदारक और दुखद बताते हुए कहा कि इस हादसे ने पूरे देश और प्रदेश को व्यथित कर दिया है। जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो वे भी स्तब्ध रह गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिला प्रशासन से राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल यात्री को जोधपुर रेफर किया गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। आज एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *