टीवी सीरियल महाभारत के दिग्गज कलाकर पंकज धीर का निधन

— कर्ण की दमदार भूमिका से जीत लिया था सबका दिल

— लंबे समय से चल रहे थे बीमार

मुंबई : फेमस सीरियल महाभारत में कर्ण की भूमिका में अपने दमदार अभिनय से सबके दिलों में राज करने वाले पंकज धीर का 15 अक्टूबर को इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे और उनका लंबे समय का इलाज चल रहा था। उनके निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक व्याप्त है।

महाभारत सीरियल में कर्ण की भूमिका में पंकज धीर।

पंकज धीर के निधन की पुष्टि उनके करीबी दोस्त और ‘महाभारत’ में अर्जुन का किरदार निभाने वाले फिरोज खान ने की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “ये सच है कि पंकज अब इस दुनिया में नहीं रहे। मैंने अपना बहुत ही अच्छा दोस्त खो दिया है। वो न सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार थे, बल्कि उससे कहीं ज्यादा एक शानदार इंसान थे। मैं गहरे सदमे में हूं और शब्द नहीं हैं कि क्या कहूं। वह वाकई एक अद्भुत व्यक्ति थे।”
पंकज धीर ने अपने लंबे करियर में टीवी और फिल्मों दोनों में दमदार भूमिकाएं निभाईं। ‘महाभारत’ में कर्ण के रूप में उनकी भावनात्मक और तीव्र अभिनय क्षमता ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया था। इसके अलावा उन्होंने ‘बॉर्डर’, ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ (हिंदी डब वर्जन में वॉइस), ‘सन ऑफ सरदार’ और ‘कर्मयोग’ जैसी कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं।
टीवी जगत में भी उनका योगदान अमिट रहा है। उन्होंने ‘चंद्रकांता’, ‘बेताल पचीसी’, ‘बनू मैं तेरी दुल्हन’, ‘कयामत’ और ‘देवों के देव महादेव’ जैसे कई लोकप्रिय शो में काम किया। उनकी गहरी आवाज और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें एक अलग पहचान दी। पंकज धीर के परिवार में उनकी पत्नी और अभिनेता बेटे निखिल धीर हैं, जो बॉलीवुड फिल्मों ‘रेडी’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘शेरशाह’ में नजर आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *