मांगें पूरी नहीं होने पर सीजेपी ने किया देशव्यापी विरोध का ऐलान

नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को भी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक जुटे। संगठन ने घोषणा की है कि यदि उनकी प्रमुख मांगें नहीं मानी गईं तो शुक्रवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। 

अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ी, आंदोलन जारी

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने कुछ घंटों के लिए आराम लिया, लेकिन संगठन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी भी हाल में जारी रहेगा। डिपके ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक संगठन का नहीं बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य का है।

सोनम वांगचुक ने रखी नई शर्त

आंदोलन का समर्थन कर रहे शिक्षाविद् सोनम वांगचुक ने कहा है कि यदि सरकार यह लिखित आश्वासन दे कि आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी, तो वे अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करेंगे। इस संबंध में भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से सरकार की ओर से जवाब देने का आश्वासन मिला है।

दिल्ली में कड़ी सुरक्षा

प्रदर्शन को देखते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। जंतर-मंतर के आसपास 1.5 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। कई मेट्रो स्टेशनों को भी एहतियातन बंद रखने तथा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार पर बढ़ रहा दबाव

CJP की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की है। विपक्षी दलों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है, जिससे संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा हो रहा है। सरकार ने परीक्षा पेपर लीक मामलों के लिए विशेष अदालतें बनाने की घोषणा की है, लेकिन CJP का कहना है कि केवल यही कदम पर्याप्त नहीं है और व्यापक शिक्षा सुधार आवश्यक हैं।

देशभर में दिख रहा आंदोलन का असर

CJP ने 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया है। संगठन का दावा है कि कई राज्यों में छात्र संगठन और सामाजिक संस्थाएं उनके समर्थन में उतर रही हैं। दूसरी ओर, प्रशासन ने सभी प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *