मुंबई कोस्टल रोड सुरंग में चलती कार में लगी आग, एक घंटे तक बाधित रहा यातायात

मुंबई : मुंबई की कोस्टल रोड के नॉर्थबाउंड (उत्तर दिशा) टनल में बुधवार दोपहर एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। धुएं से पूरी सुरंग भर गई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने सुरंग को तत्काल बंद कर दिया। इस कारण ब्रीच कैंडी और आसपास के मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। सुरंग के भीतर मौजूद अन्य वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोक दीं और सुरक्षित स्थान की ओर निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस और बीएमसी की आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई।

दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। इसके बाद जली हुई कार को क्रेन की सहायता से सुरंग से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) ने बताया कि आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर ब्रीच कैंडी से नरीमन पॉइंट की ओर जाने वाली सुरंग को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। इसके चलते आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। आग बुझाने और क्षतिग्रस्त वाहन हटाने के बाद लगभग दोपहर 1:30 बजे सुरंग को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार में आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *