महाराष्ट्र/पुणे : महाराष्ट्र के पुणे ग्रामीण पुलिस ने एक महीने के बाद हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तीसरी शादी करने के चक्कर में महिला पूजा रविंद्र पवार ने अपने ही 11 महीने के बच्चे को 8 मार्च को पटककर मार दिया और उसके शव को कुएं में डूबो दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना 22 साल की एक महिला ने अंजाम दिया। पुलिस की जांच में पता चला कि महिला कथित तौर पर तीसरी बार शादी करना चाहती थी। बच्चे को उसने इसलिए हटा दिया कि बच्चे की वजह से उसकी तीसरी शादी में रुकावट आएगी।
पुणे ग्रामीण पुलिस के तहत रंजगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की एक टीम ने महिला को गिरफ्तार किया है। यह महिला पुणे जिले के शिरूर तालुका के भंभारडे गांव की रहने वाली है।
जांच में पता चला कि रविंद्र अशोक पवार से पूजा की यह दूसरी शादी थी और उसके अपने पति के साथ अक्सर झगड़े होते रहते थे। वह तीसरी बार शादी करना चाहती थी। उसे लगता था कि बच्चा होने से उसके इस इरादे में रुकावट आएगी। उसने बताया कि बच्चा लगातार रो रहा था, जिससे वह परेशान हो गई थी। उसने कहा कि 8 मार्च को उसने बच्चे का सिर पत्थर के बने एक चबूतरे पर पटककर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद हत्या को छुपाने के लिए उसने बच्ची की लाश के एक बैग में रखा और उसमें पत्थर भरकर उस बैग को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है।