मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में ई-रिक्शा और ई-बाइक के परिचालन के लिए परमिट अनिवार्य कर दिया है। यात्री के परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले ई-रिक्शा और ई-बाइक के लिए यह घोषणा महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने की है। मंत्री सरनाईक ने बताया कि इलेक्ट्रिक रिक्शा (ई-रिक्शा) को पहले यात्रियों को ले जाने के लिए अलग से परमिट लेने की आवश्यकता नहीं थी। हालांकि सड़कों पर इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में तेजी से वृद्धि को देखते हुए, राज्य सरकार ने अब उन्हें परमिट के दायरे में लाने का फैसला किया है।