– उपभोक्ताओं ने किया हंगामा, गैस न मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश
मुंबई : एक तो मुंबई सहित देश के सभी शहरों, इलाकों में कमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई नहीं हो रही है, तो दूसरी ओर मुंबई के चेंबूर में विमल गैस सर्विसेस (एजेंसी) ने घरेलू गैस के उपभोक्ताओं को शनिवार को दिनभर परेशान किया।
विमल गैस सर्विसेस से गैस लेने के लिए उपभोक्ता खड़े थे, लेकिन उनके कर्मचारियों ने अपने ऑफिस से हटाते हुए जिन लोगों की बुकिंग थी, उन्हें एक -एक पर्ची देकर चरई तलब एक्कर्स क्लब के सामने भेज दिया।
विमल गैस सर्विसेस के कर्मचारियों के कहने पर लगभग 80 से 100 उपभोक्ता उस पते पर पहुंच गए। वहां एलपीजी रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक वहां खड़ा था। लोगों में आस जगी कि अब हमें गैस सिलेंडर मिल जायेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। करीब दो घंटे बीतने के बाद एक्कर्स क्लब के सामने विमल गैस सर्विसेस का एक दूसरा कर्मचारी पहुंचा और रसोई गैस सिलेंडरों को किसी अन्य स्थान पर भेज दिया। हालांकि चेंबूर के चरई तलब के पास बैठा विमल गैस सर्विसेस के कर्मचारी ने गैस देने की बात कहकर उपभोक्ताओं को रोके रखा। लेकिन, घंटों बीतने के बाद भी जब गैस नहीं मिला तो लाइन में खड़े लोगों ने हंगामा कर दिया।
कुछ लोग फिर से विमल गैस के ऑफिस गए, लेकिन उसके कर्मचारी लोगों को यहां से वहां भगाते रहे। सुबह लगभग 11 बजे से लाइन में गैस सिलेंडर मिलने के इंतजार में खड़े अपने ही उपभोक्ताओं को विमल गैस के कर्मचारियों ने निराश कर दिया। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है। उपभोक्ताओं ने विमल गैस सर्विसेस के मालिक विरेन भयानी और उनके मैनेजर को कॉल भी किया, लेकिन किसी का कॉल नहीं उठाया।
समाचार बनने तक किसी भी उपभोक्ता को रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिला था। यह एजेंसी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के अधीन काम करती है।
माना जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे जंग और होर्मुज स्ट्रेट पर लगी पाबंदियों के करण भारत की एलपीजी इंडस्ट्री पर बड़ा असर हुआ है। बावजूद केंद्र सरकार ने दावा किया है कि देशवासियों को रसोई गैस की सप्लाई को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।